विश्व स्वास्थ्य संगठन WHO के मुताबिक यूरोप में पिछले हफ्ते कोरोना से मरने वालों की संख्या में 10 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह लगातार छठा हफ्ता रहा जब इस महादेश में कोरोना के मामलों में इजाफा हुआ है। यही नहीं यूरोपीय क्षेत्र के 61 देशों में इस हफ्ते कोरोना के मामलों में 42 फीसद की वृद्धि देखी गई है। जर्मनी में कोरोना के मामलों ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। रूस में हालात अभी भी बेहद खराब हैं।
जर्मनी में रिकार्ड 50,196 नए मामले दर्ज
जर्मनी में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के रिकार्ड 50,196 मामले दर्ज किए गए जबकि एक दिन में 235 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही जर्मनी में संक्रमितों का आंकड़ा 48.9 लाख हो गया है जबकि महामारी से अब तक 97,198 लोगों की मौत हो गई है।
रूस में संभल नहीं रहे हालात, 1,237 की मौत
रूस में हालात संभलने का नाम नहीं ले रहे हैं। रूस में बीते 24 घंटे में महामारी से 1,237 लोगों की मौत हो गई है जबकि 40,759 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही रूस में संक्रमितों का आंकड़ा 8,952,472 हो गया है जबकि महामारी से अब तक मरने वालों की संख्या 251,691 हो गई है।
0 टिप्पणियाँ