पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान अपनी टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल हार को भुलाते हुए बंगलादेश में टी-20 विश्व कप की लय को जारी रखने की कोशिश करेगा।
बाबर ने मेजबान बंगलादेश के खिलाफ टी-20 मैच की पूर्वसंध्या पर गुरुवार को कहा, टी-20 विश्व कप अब अतीत की बात है। हमें अब इससे आगे बढऩे और भविष्य को देखते हुए आगे बढऩे की जरूरत है। निश्चित रूप से विश्व कप में हारना निराशाजनक था और पूरी टीम को धक्का लगा था।
हमने अपनी गलतियों पर चर्चा की है और पूरी टीम आश्वस्त है और हमें खुद पर पूरा भरोसा है। मैंने विश्व कप से मिली लय को न तोडऩे के बारे में बात करने की कोशिश की। मैं समझता हूं कि यह वो समय है जब हमें अपने क्रिकेटरों का समर्थन करने की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी टीम शुक्रवार को टी-20 मुकाबले के साथ अपना बंगलादेश दौरा शुरू करेगी। 20 और 22 को क्रमश: दूसरा और तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। पूरी टी-20 सीरीज ढाका के शेर-ए-बंगला स्टेडियम में खेली जाएगी। इसके बाद दोनों टीमें चटगांव रवाना होंगी, जहां 26 नवंबर से पहला टेस्ट खेला जाएगा, जबकि दूसरे और आखिरी टेस्ट के लिए टीमें दोबारा ढाका के शेर-ए-बंगला स्टेडियम लौटेंगी, जहां चार दिसंबर से मैच शुरू होगा।
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, टीम में शामिल खिलाड़ी काफी अनुभवी हैं और इन बातों को समझते हैं कि हमें विश्व कप सेमीफाइनल की हार को भुला कर आगे बढऩा है। बाबर ने यह भी स्वीकार कि पाकिस्तान अपनी बेंच स्ट्रेंथ को परखने के लिए अलग-अलग संयोजन आजमाएगा, लेकिन पहली पसंद के सभी खिलाडिय़ों को आराम नहीं दिया जाएगा। समझा जाता है कि टी-20 विश्व कप टीम का हिस्सा रहे आसिफ अली और इमाद वसीम बंगलादेश सीरीज के लिए चुनी गई उस 12 सदस्यीय टीम में नहीं हैं, जिसे बाबर ने चुना था।
बाबर ने कहा, हम विश्व कप की लय को जारी रखना चाहते हैं। हम एक अलग संयोजन के साथ खेलने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि हम अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकें। हमारा अगला दौरा वेस्ट इंडीज का है, जिसमें संभवत: छह मैच हैं, इसलिए हम अलग-अलग खिलाडिय़ों को आजमाना चाहते हैं।
पाकिस्तान की 12 सदस्यीय टी-20 टीम :
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप कप्तान), फखर जमान, हैदर अली, हैरिस रऊफ, हसन अली, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, शाहीन शाह अफरीदी, शोएब मलिक।
0 टिप्पणियाँ