मैदान पर कहासुनी के बाद लाहिरू कुमारा और लिटन दास पर जुर्माना


श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा और बंगलादेशी बल्लेबाज लिटन दास पर यहां कल खेले गए टी-20 विश्व कप के सुपर 12 के मुकाबले में कहासुनी के बाद जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी की आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए कुमारा पर जहां मैच फीस का 25 फीसदी, वहीं दास पर 15 प्रतिशत का जुर्माना लगाया गया है।

मैच फीस के जुर्माने के अलावा दोनों खिलाडिय़ों को एक अवगुण अंक भी दिया गया है। दोनों ने आईसीसी नियमों के उल्लंघन को लेकर माफी मांगी है और उन पर लगाए गए जुर्माने को स्वीकार किया है।

आईसीसी ने एक बयान में कहा,  लाहिरू कुमारा को खिलाडिय़ों और खिलाड़ी समर्थन कर्मियों के लिए आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।

जो अनुचित भाषा, काम या इशारों का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान खिलाड़ी के आउट होने के दौरान उसे अपमानित कर सकता है या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए उकसा सकता है। वहीं लिटन दास को खिलाडिय़ों और उनके सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जो खेल की भावना के विपरीत आचरण से संबंधित है।

उल्लेखनीय है कि यहां कल मैच के दौरान बंगलादेश की बल्लेबाजी के पांचवें ओवर के दौरान यह विवाद हुआ, जब लाहिरू कुमारा के लिटन दास को आउट करने के बाद दोनों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। कुमारा की प्रतिक्रिया ने लिटन दास को भी आक्रामक प्रतिक्रिया देने पर मजबूर किया। परिणामस्वरूप टीम के साथियों और अधिकारियों को आकर बीच-बचाव करना पड़ा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ