टी-20 विश्व कप 2021 में पाकिस्तान का अबतक का सफर शानदार रहा है। ग्रुप-2 में भारत को 10 विकेट से हराने के साथ टूर्नामेंट का आगाज करने वाली पाकिस्तान टीम ने अभी तक खेले सभी मैचों में जीत हासिल की है। बाबर आजम की अगुवाई वाली इस टीम को अब खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आज रात होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले पाकिस्तान टीम के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और पिछले मैच में 18 गेंदों में अर्धशतक ठोकने वाले शोएब मलिक की फिटनेस पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
दोनों ही खिलाडिय़ों ने सेमीफाइनल मैच से एक दिन पहले हुए ट्रेनिंग सेशन को मिस किया है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि रिजवान और शोएब फ्लू की चपेट में आ गए हैं।
उन्होने वीडियो में कहा, मैच से पहले थोड़ी परेशान करने वाली खबर आ रही है कि शोएब मलिक और मोहम्मद रिजवान फ्लू का शिकार हैं, इनको इन्जेक्शन ठोका जाए, इनको ड्रिप लगाएं और मैच के लिए सेट करें। मुझे पूरी उम्मीद है कि दोनों सेमीफाइनल मैच में खेल पाएंगे और पूरे दमखम से खेलेंगे और फ्लू इनके आड़े नहीं आएगा।
हमें जो एक्साइटमेंट का इन्जेक्शन लगना है वह टी20 वर्ल्ड कप जीतकर लगना है। शोएब मलिक ने स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में महज 18 गेंदों में 54 रनों की तूफानी पारी खेली थी। वहीं, रिजवान अबतक पांच मैचों में 71.33 की लाजवाब औसत से 214 रन ठोक चुके हैं।
टीम की तरफ से रिजवान से ज्यादा रन सिर्फ कप्तान बाबर आजम के बल्ले से ही निकले हैं। ऐसे में पाकिस्तानी फैन्स यही दुआ करेंगे कि यह दोनों ही खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में मैदान पर जरूर उतरे। अभी तक खेले गए पांच मुकाबलों में पाकिस्तान ने सेम प्लेइंग इलेवन खिलाई है।
0 टिप्पणियाँ