संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के अध्यक्ष और मालदीव के वर्तमान विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने गुरुवार को बताया कि वह हल्के लक्ष्णों के साथ कोविड संक्रमित पाए गए हैं। विदेश मंत्री ने बताया कि उन्होंने बूस्टर डोज सहित कोरोना का वैक्सीनेशन पूरा कर लिया है।
इसके बावजूद वह कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अब्दुल्ला शाहिद ने ट्वीट करते हुए कहा कि कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर उन्होंने खुद को घर में ही क्वारंटाइन कर लिया है। उन्होंने बताया कि वह बूस्टर डोज सहित पूरी तरह से कोविड वैक्सीनेटिड हैं। उन्होंने आगे कहा कि मेरी प्रार्थनाएं लाखों कोरोना संक्रमितों और वैक्सीन न मिलने वाले अरबों लोगों के साथ हैं।
गौरतलब हो कि 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से मिला कोरोना वायरस का वैरिएंट ओमिक्रोन कई देशों में अब अपने पैर पसार चुका है। इसे देखते हुए कई देशों ने ओमिक्रोन को फैलने से रोकने के लिए अपने देश में कई नियम सख्ती से लागू किए हैं, जिसमें यात्रा प्रतिबंध भी एक नियम के तौर पर लागू किया गया है। इसमें मालदीव ने पहले ही ओमिक्रोन वैरिएंट के सामने आने के बाद कई देश की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं, इससे पहले ही विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ओमिक्रोन को वैरिएंट आफ कंसर्न घोषित (चिंता का वैरिएंट) किया था।
0 टिप्पणियाँ