भारत में हर व्यक्ति औसतन एक दिन में 4.6 घंटे अपने एंड्राइड स्मार्टफोन पर गुजार रहा है। साल 2019 तक औसत एक दिन में एक भारतीय मोबाइल पर 3.3 घंटे बर्बाद करता था, जिसमें पिछले एक साल में 44 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लूडो में वक्त जा रहा है मोबाइल पर।
तकनीक बदलती है, तरीके नहीं, बंदा पहले वैसे लूडो खेलता था, अब ऐसे लूडो खेलता था। पहले बार-बार वन टू वन मिलकर पूछता था-और बता क्या नया। अब व्हाट्सएप पर हर पांच मिनट में पूछता है और बता क्या नया। नया क्या हो सकता है पांच मिनट में और नया क्या हो सकता है पांच सालों में भी। मेरे मोहल्ले में आवारा कुत्तों और चेन स्नैचरों का कहर पच्चीस सालों से है, कहर वैसा का वैसा है। बंदा बदलता है पर बदलता नहीं है।
नंगी-पुंगी पोर्न फिल्में बंदा पहले सीडी लाकर देखता था, अब इंटरनेट पर दे-दनादन हैं। इंटरनेट की सबसे सबसे बड़ी खूबी यह है कि दूर से यह तडऩा मुश्किल है कि बंदा स्वामी सदानंद के सत्संग में है या सन्नी लियोनी का सत्संग कर रहा है इंटरनेट पर। सच्चाई यह है कि औसत भारतीय इतना वक्त अपने जीवन के साथ न गुजार रहा है मानसिक तौर पर। जीवन साथी भी लगा है मोबाइल में, मोबाइल ही जीवन साथी हो लिया है।
एक बड़ी हाउसिंग सोसायटी के तीन चौकीदार मोबाइल में घुसे मिले, मैंने निवेदन किया-आप लोगों का ध्यान चोरी रोकने पर न है, कोई चोर आयेगा चोरी करके चला जायेगा।
एक चौकीदार ने बताया-आप अभी पुराने वक्त में रह रहे हैं, अब चोर चोरी फ्राम होम करते हैं, मोबाइल से ही आपकी रकम पार कर देते हैं तो अब चौकीदारी भी मोबाइल में हो रही है और चोरी भी मोबाइल में ही हो रही है।
महंगाई की शिकायत करने वालों के मुंह पर तमाचा है इंटरनेट डेटा का भाव इंडिया में। दुनिया में सबसे सस्ता इंटरनेट डेटा भारत में मिलता है। साल 2021 की बात करें, तो भारत में 1जीबी डेटा के लिए टेलीकॉम कंपनियां 10.93 रुपये चार्ज कर रही हैं, जो दुनिया के किसी भी देश के प्रति जीबी डेटा चार्ज से कम है।
जबकि 2014 से पहले तक भारतीयों को प्रति जीबी डेटा के लिए औसतन 269 रुपये देना पड़ता था। पिछले 6 वर्षों में भारत में इंटरनेट डेटा की कीमत में करीब 96 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में मौजूदा वक्त में 1 जीबी डेटा की कीमत 1 किग्रा आटा से कम है।
डेटा के भाव गिर रहे हों, तो आटे के भाव की चिंता न करनी चाहिए।इंटरनेट पर भजन हैं, प्रवचन हैं, सत्संग है, राग-रंग हैं, सदानंद से लेकर सन्नी लियोनी है, डिस्काउंट पर बिकती कार है, साड़ी पर सेल सलोनी है। लाइफ सैट है जी, सस्ता इंटरनेट है जी। क्या कहा इससे बुनियादी समस्याओं का हल नहीं मिलता, छोडिय़े वह वायरल वीडियो देखिये।
0 टिप्पणियाँ